*लिंक ऑफिसर व्यवस्था से अधिकारियों की अनुपस्थिति में भी निर्बाध रहेगा शासकीय कामकाज*कलेक्टर ने जारी किया आदेश, अनुपस्थिति में नामित अधिकारी संभालेंगे संबंधित दायित्व
*
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 सितंबर 2026। प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन तथा अधिकारियों की अनुपस्थिति या अनुपलब्धता की स्थिति में शासकीय कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला मुख्यालय में पदस्थ अधिकारियों के लिए लिंक ऑफिसर व्यवस्था निर्धारित की है। जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर उनके विभागों से संबंधित आवश्यक कार्यों का संपादन नामित लिंक ऑफिसर द्वारा किया जाएगा।
आदेश के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री ऋषिकेश तिवारी की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश कुमार साहू लिंक ऑफिसर के रूप में दायित्व संभालेंगे। इसी तरह डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश कुमार साहू के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती ऋचा सिंह को लिंक ऑफिसर बनाया गया है, जबकि श्रीमती ऋचा सिंह की अनुपस्थिति में श्री उमेश कुमार साहू संबंधित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
डिप्टी कलेक्टर श्री शंकर लाल सिन्हा की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर डॉ. वर्षा बंसल लिंक ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगी। डॉ. वर्षा बंसल की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर श्री राणा विजय संबंधित कार्यों का दायित्व संभालेंगे। वहीं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रफुल्ल कुमार रजक की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर श्री शंकर लाल सिन्हा लिंक ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगे। डिप्टी कलेक्टर श्री राणा विजय की अनुपस्थिति में डॉ. वर्षा बंसल को लिंक ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी अधिकारी की अनुपस्थिति में नामित लिंक ऑफिसर भी मुख्यालय में उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो ऐसी स्थिति में जिला मुख्यालय में उपलब्ध अन्य अधिकारी द्वारा संबंधित आवश्यक शासकीय कार्यों का संपादन किया जाएगा। लिंक ऑफिसर व्यवस्था का उद्देश्य अधिकारियों की अनुपस्थिति के दौरान भी प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखना और शासकीय कार्यों के समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

