रायगढ़ शहर में बाइक चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में रेलवे स्टेशन के सामने से मजदूर की बाइक चोरी हो गई, जबकि दूसरे मामले में दवा लेने अस्पताल पहुंचे ट्रक चालक की मोटरसाइकिल गायब हो गई। दोनों घटनाएं सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बांजीखोल मिलूपारा निवासी किरण भगत रोजी-मजदूरी करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे वह सीबी साइन बाइक (क्रमांक CG 13 Y 9123) से रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने स्टेशन के सामने बाइक खड़ी की और टिकट लेने चले गए। करीब आधे घंटे बाद लौटे तो बाइक वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चलने पर उन्होंने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी घटना में भगवानपुर निवासी धर्मेंद्र विश्वकर्मा की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AW 6538) चोरी हो गई। पेशे से ट्रक चालक धर्मेंद्र बुधवार शाम बाइक से गौरी शंकर मंदिर रोड स्थित दिलीप सा अस्पताल दवा लेने पहुंचे थे। उन्होंने मोटरसाइकिल अस्पताल के नीचे खड़ी की और दवा लेने ऊपर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पुलिस चोरी गई मोटरसाइकिलों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

