Raigarh News

धान खरीदी से पहले रायगढ़ में सख्ती, 20 चेक पोस्ट पर निगरानी शुरू

रायगढ़। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इससे पहले अवैध धान परिवहन रोकने के लिए प्रशासन ने 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 1 नवंबर से निगरानी शुरू कर दी है। जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में खरीदी होगी। इसके लिए 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं।

चेक पोस्ट पर तहसीलदारों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के कर्मचारी तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी करेंगे। सीमावर्ती राज्यों से आने वाले वाहनों और धान की जांच की जाएगी। लैलूंगा के ग्राम हांडीपानी में ओडिशा सीमा पर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया गया है, जबकि लमडांड-उषाकोठी मार्ग पर निगरानी शुरू हो गई है।

रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकडेगा तहसीलों में उड़नदस्ता दल अवैध धान खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखेंगे।

कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी से पहले जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाना और कम से कम 30 दिनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। बारदाने, पेयजल, छांव, ड्रेनेज और भंडारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

किसानों को टोकन के लिए समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। तुंहर टोकन मोबाइल एप से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन लेने की सुविधा मिलेगी। एप से सुबह 8 बजे और सोसायटी स्तर पर सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी किए जाएंगे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button