Raigarh News

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होंगी सुनीता यादव, बाजार में गणित सिखाने की नवाचारी पहल बनी पहचान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ | किताबों और पारंपरिक कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर बच्चों को रोजमर्रा के अनुभवों से सीखने का अवसर देने वाली शिक्षिका सुनीता यादव की नवाचार यात्रा अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक की शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी में शिक्षण को गतिविधियों और तकनीक से जोड़कर उन्होंने बच्चों के सीखने के तरीके में बदलाव लाने का प्रयास किया है। उनके इसी नवाचारी कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
सुनीता यादव के शिक्षण प्रयोगों में बाजार आधारित गणित शिक्षा खास तौर पर उल्लेखनीय है। बच्चों को केवल किताबों में जोड़-घटाव और मुद्रा से जुड़े सवाल हल कराने के बजाय उन्हें वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर समझाने का प्रयास किया गया। इसके लिए बच्चों को बाजार ले जाकर खरीद-बिक्री की गतिविधियों से जोड़ा जाता है। कक्षा में भी बच्चे दुकानदार और गांव के लोग ग्राहक की भूमिका निभाते हैं। इस गतिविधि के दौरान बच्चे सामान की कीमत, पैसे का लेन-देन, जोड़-घटाव और अन्य गणितीय संक्रियाओं को व्यवहारिक रूप से समझते हैं। इस तरह गणित उनके लिए केवल किताब का विषय नहीं रह जाता, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनकर सामने आता है। सुनीता यादव की शिक्षण यात्रा का एक महत्वपूर्ण पक्ष उन बच्चों को आगे बढ़ाना है, जो सामान्य परिस्थितियों में कक्षा में पीछे रह जाते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, मजदूरों और कामगार परिवारों से आने वाले बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों की अलग-अलग सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए उन्हें सीखने के अवसर देने का प्रयास किया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी बच्चे की पारिवारिक या आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने।
शिक्षिका ने साहित्य को भी बच्चों की पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास किया है। कहानियों, गतिविधियों और रोजमर्रा के अनुभवों के माध्यम से बच्चों में विषय को समझने और उसे अपने शब्दों में व्यक्त करने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जाता है। अंग्रेजी को केवल रटने के बजाय समझकर पढ़ना, संख्या ज्ञान विकसित करना, गणितीय संक्रियाओं को समझना और घटनाओं को सही क्रम में व्यक्त करना जैसे कौशलों पर काम किया जाता है।
इस तरह बच्चों की पढ़ाई को केवल परीक्षा और पाठ्यपुस्तक तक सीमित रखने के बजाय उनके व्यवहारिक ज्ञान और अभिव्यक्ति क्षमता से जोड़ने की कोशिश की गई है। सुनीता यादव के शिक्षण मॉडल में गतिविधियों के साथ तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। इसका मकसद बच्चों के लिए कठिन लगने वाली अवधारणाओं को अधिक सरल और रोचक तरीके से समझाना है।
कक्षा में बच्चों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें केवल सुनने वाला विद्यार्थी नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाता है। गतिविधियों के दौरान बच्चे सवाल करते हैं, जवाब तलाशते हैं और अपने अनुभवों से निष्कर्ष निकालते हैं। नवाचारी शिक्षण पद्धति का मुख्य उद्देश्य कक्षा के हर बच्चे को सीखने का समान अवसर देना है। खासकर उन बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाते हैं, जिनकी सीखने की गति अपेक्षाकृत धीमी है।
बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार गतिविधियों से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाता है। बाजार, गांव और आसपास के वातावरण को ही सीखने के संसाधन के रूप में इस्तेमाल करना इस मॉडल की खासियत है। बरमकेला ब्लॉक से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी में किए गए इन प्रयासों ने अब सुनीता यादव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button