Raigarh News
खरसिया में होटल-मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की दबिश, सैंपल लिए; एक्सपायरी सामान मौके पर नष्ट

रायगढ़/खरसिया | छत्तीसगढ़ में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खरसिया और रायगढ़ में कई होटल, ढाबों और कन्फेक्शनरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मिठाई और तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं एक थोक कन्फेक्शनरी प्रतिष्ठान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
खरसिया में कई प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शनिवार को खरसिया पहुंची और अभियान के तहत होटल, मिठाई दुकानों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जांच टीम ने खरसिया स्थित राजस्थान होटल से गोंद लड्डू, नारियल बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब संबंधित खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच के दौरान खरसिया के चुहड़मल फोटुमल नामक बिस्किट एवं कन्फेक्शनरी के थोक विक्रेता प्रतिष्ठान में भी टीम ने निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक यहां एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए गए। खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने इन उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कराया। विभाग ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और भंडारण की स्थिति की नियमित जांच की जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक असुरक्षित खाद्य पदार्थ न पहुंचें।
तीन ढाबों का भी निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सत्यम ढाबा, उत्तम ढाबा और स्वादिष्ट ढाबा का भी निरीक्षण किया।
इन प्रतिष्ठानों में संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सामग्री तैयार करने, रखने और ग्राहकों को परोसने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई। अभियान के तहत रायगढ़ शहर में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां पंडित होटल से शाही पनीर और कुकड राइस के नमूने लिए गए। इसके अलावा एक निर्माण स्थल पर जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की लेबलिंग और साफ-सफाई में कमी पाए जाने की बात सामने आई। विभागीय टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया और पापड़ी का नमूना जांच के लिए भेजा।
