Raigarh News

SECL रायगढ़ ने विशेष अभियान 6.0 के तहत लगाया स्वास्थ्य शिविर, सफाई मित्रों की हुई जांच

रायगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) रायगढ़ क्षेत्र की ओर से ‘विशेष अभियान 6.0’ के अंतर्गत छाल स्थित डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों और अन्य लाभार्थियों के स्वास्थ्य की देखभाल करना तथा उन्हें निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफाई मित्रों और स्थानीय लाभार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान रक्तचाप (बीपी), शर्करा स्तर और अन्य सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

आयोजन के दौरान चिकित्सकों और अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के महत्व की जानकारी दी। उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

SECL प्रबंधन के अनुसार, सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की देखभाल संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के शिविर कर्मचारियों के स्वास्थ्य कल्याण के साथ-साथ कार्यस्थल पर स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों और अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया तथा स्वास्थ्य जांच और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button