Raigarh News

सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, कोलता समाज के भवनों के लिए 80 लाख रुपये

रायगढ़। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये और नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और समाज के लोगों के साथ नुआखाई का पारंपरिक भोजन ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री साय ने मां रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने नुआखाई पर्व को किसानों की मेहनत, नई फसल और समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। क्षेत्र के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों के निर्माण की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवासों की स्वीकृति का भी उन्होंने उल्लेख किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कोलता समाज की संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। चौधरी ने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा की। उन्होंने पुसौर की छात्रा गिरिजा प्रधान की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने पर उन्हें 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और लैपटॉप दिया गया है।

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी समाज को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा, संस्कार, सामाजिक एकता और जरूरतमंदों की मदद को समाज की प्रगति के लिए जरूरी बताया। कोलता समाज के संभागीय अध्यक्ष रत्थु गुप्ता ने कहा कि नुआखाई समाज की सांस्कृतिक एकता और परंपराओं का प्रतीक है। समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button