Raigarh News

74 करोड़ की सड़क मंजूर, ग्रामीणों  ने सीएम साय-ओपी चौधरी समेत नेताओं का जताया आभार

लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। कुंजारा-केशला-तोलगे-मिलूपारा होते हुए तमनार तक सड़क निर्माण के लिए 74 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। भाजपा लैलूंगा मंडल अध्यक्ष मनोज सतपथी ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बताया गया कि यह सड़क लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है और क्षेत्रवासियों की ओर से लंबे समय से इसके निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण से कुंजारा, केशला, तोलगे और मिलूपारा सहित आसपास के क्षेत्रों को तमनार से बेहतर संपर्क मिलने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच के लिए भी क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलने की बात कही गई है।

इस सड़क की मांग को 4 अक्टूबर 2024 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लमडांड के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से उठाया गया था। भाजपा लैलूंगा मंडल अध्यक्ष मनोज सतपथी ने कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन के दौरान मार्ग की स्थिति और क्षेत्र के लिए इसकी आवश्यकता का उल्लेख करते हुए जनभावना से जुड़ी इस मांग को मंच से रखा था। बताया गया कि उन्होंने इस संबंध में जनप्रतिनिधियों को अपने लेटरहेड पर लिखित मांग-पत्र भी सौंपा था।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मांग को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने उसी कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से इस मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झगरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी इस बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की घोषणा की थी। अब वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की मांग के धरातल पर आने की उम्मीद बढ़ गई है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सतपथी ने वित्तीय स्वीकृति को क्षेत्र की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह मांग लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता से जुड़ी थी। 4 अक्टूबर 2024 को लमडांड के कार्यक्रम में उन्होंने इसे मंच से उठाने के साथ लिखित मांग-पत्र भी सौंपा था। उनके अनुसार, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने मंच से ही इस मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की थी और बाद में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सड़क निर्माण की घोषणा की।

मनोज सतपथी ने कहा कि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र को बेहतर और मजबूत मुख्य सड़क की सौगात मिलने का रास्ता साफ हुआ है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है और लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान हो सकेगा।

प्रेस विज्ञप्ति में सड़क को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। मार्ग के निर्माण से दर्जनों गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की बात कही गई है। इससे ग्रामीणों के आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की आवाजाही और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क को स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण माना गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button