सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने डिप्टी कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा मांगपत्र
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ के आह्वान पर आज प्रदेशभर के व्यावसायिक प्रशिक्षकों द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर जिला स्तर पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी प्रमुख मांगों को लेकर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रिचा सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे. आर. डहरिया सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मांगपत्र सौंपा।
व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने मांगपत्र के माध्यम से सम्मानजनक मानदेय, नियमित मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, लंबित मानदेय एवं एरियर का भुगतान, नई निविदा में पूर्व से कार्यरत प्रशिक्षकों को यथावत रखने, Industrial Visit एवं Guest Lecture की लंबित राशि का भुगतान तथा अवकाश सुविधा सहित विभिन्न मांगों को शासन के समक्ष रखा।
संगठन का कहना है कि व्यावसायिक प्रशिक्षक पिछले लगभग एक दशक से शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी कई मूलभूत सेवा संबंधी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं।
व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी जायज एवं वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि वे बेहतर कार्य परिस्थितियों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कौशल शिक्षा प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे और संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।

