Raigarh News

रायगढ़ में कानून व्यवस्था की समीक्षा, अवैध पार्किंग और नशे के खिलाफ सख्ती के निर्देश

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने मंगलवार को जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, अवैध पार्किंग, ब्लैक स्पॉट, नशे के खिलाफ कार्रवाई और आगामी त्योहारों व बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने शहर के प्रमुख हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाकर कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई करने और स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा। सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर लगातार कार्रवाई के साथ ब्लैक स्पॉट की पहचान, ऑडिट और सुधारात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए।
आगामी दस दिवसीय चक्रधर समारोह और कुश्ती प्रतियोगिता को देखते हुए ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना पहले से तैयार करने को कहा गया है, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ईद और कृष्ण जन्माष्टमी सहित आगामी त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। रैली, जुलूस और अन्य आयोजनों के लिए अनुमति लेना अनिवार्य बताया गया। बिना अनुमति आयोजन होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नशीली दवाइयों की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आरबीसी 6-4, हिट एंड रन, हाईवे सेफ्टी, औद्योगिक सुरक्षा, चिटफंड, पशु क्रूरता और अन्य लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button