Raigarh News

रक्षाबंधन पर इस बार बंधेगी बीज राखी, भाई-बहन के स्नेह के साथ हरियाली का संदेश

रायगढ़। इस बार रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिलेगा। रायगढ़ जिले की बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की ग्रामीण महिलाएं धान, मक्का, बरबट्टी, लौकी, करेला, सेमी, कुम्हड़ा, भिंडी, उड़द, मसूर और मूंगफली जैसे स्थानीय बीजों से आकर्षक बीज राखियां तैयार कर रही हैं।
इन पर्यावरण हितैषी राखियों की खासियत यह है कि रक्षाबंधन के बाद इन्हें मिट्टी में दबाने पर इनमें मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधे का रूप ले सकते हैं। यानी राखी भाई-बहन के स्नेह के साथ हरियाली का संदेश भी देगी। इस पहल से महिलाओं को घर बैठे अतिरिक्त आमदनी का अवसर भी मिल रहा है।
बीज राखी निर्माण को बढ़ावा देने के लिए जिले के सातों विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रत्येक विकासखंड से उत्कृष्ट राखी तैयार करने वाली एक-एक महिला का चयन किया गया। चयनित महिलाओं ने जिला कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने हाथों से तैयार बीज राखियां पहनाईं। कलेक्टर ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कम लागत में स्थानीय सामग्री से तैयार होने वाली इन राखियों में अलग-अलग डिजाइन और रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। महिलाओं के मुताबिक, प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से यह नवाचार किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार बीज राखी जैसी पहल महिलाओं की रचनात्मकता को आजीविका और अतिरिक्त आय से जोड़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इस रक्षाबंधन पर राखी के साथ पौधे का उपहार देने का संदेश भी लोगों तक पहुंचेगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button