Raigarh News

बिलासपुर जलाशय का गेट अचानक टूटा, एनएच में रात भर बहता रहा पानी, खेतों में पानी घुसने से ग्रामीणों में आक्रोश

रायगढ़। बिलासपुर जलाशय के गेट टूटने और अचानक जलभराव की गंभीर सूचना मिलते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। हालात की नाजुकता को देखते हुए रातभर मूसलाधार बारिश के बीच अधिकारियों ने मौके पर डेरा डालकर राहत और बचाव कार्य को अंजाम दिया।
प्रशिक्षु आईएएस एवं प्रभारी एसडीएम खरसिया अक्षय जोशी के नेतृत्व में एसडीएम प्रवीण तिवारी, तहसीलदार संदीप राजपूत, सिंचाई विभाग के एसडीओ दुर्गेश नायक और सब इंजीनियर राहुल अग्रवाल सहित पूरी टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। उनके साथ गोताखोरों की विशेष टीम भी मौजूद रही, जिसने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टूटे गेट को बंद करने में कुछ हद तक सफलता हासिल की।
तेज बारिश और लगातार बहते पानी के बीच प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण करते हुए जलाशय से निकल रहे पानी को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। हालात इतने गंभीर थे कि थोड़ी भी देरी बड़े नुकसान का कारण बन सकती थी।
प्रशासन के पहुंचने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए मुख्य सडक़ पर तेज बहाव को नियंत्रित करने के लिए किनारे से रास्ता बनाया। इस पहल से स्थिति को प्रारंभिक स्तर पर काबू में लाने में मदद मिली। प्रशासन की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया। यदि समय पर राहत कार्य शुरू नहीं होता, तो तटवर्ती गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते थे और सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद होने की आशंका थी। हालांकि खेतों में जल भराव के कारण फसल बर्बाद होनें की आशंका से क्षेत्र के किसान अब भी भयभीत व आक्रोशित बताये जा रहे हैं।
लापरवाही किसकी, क्या होगी जांच!
भूपदेवपुर में बिलासपुर जलासय के गेट टूटने से अचानक बने आपदा जैसे हालात की जांच होनी चाहिए। इसके लिए दोषी विभागीय जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, बारिश या अधिक जलभराव के कारण नही,जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही एवं अनदेखी की वजह से अचानक उत्पन्न हुए प्राकृतिक आपदा जैसे हालात, जलाशय का लोहे का गेट सड़ कर टूट जाने से हाईवे बना दरिया, इस मार्ग पर आने जाने वाले वाहन एवं लोगो को संकट का सामना करना पड़ा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button