केलो डैम लूटकांड में चौथा आरोपी गिरफ्तार, युवती का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त

रायगढ़। केलो डैम घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चौथे आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से युवती का लूटा गया मोटोरोला मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस ने चौथे आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) ने 12 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डैम घूमने गया था। शाम को लौटते समय वहां तीन से चार अज्ञात युवक पहुंचे। युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल करने के बाद आरोपियों ने सानू के साथ मारपीट की और उसकी जेब से 1,500 रुपये तथा आईफोन 12 मिनी लूट लिया। आरोपियों ने युवती का मोटोरोला मोबाइल भी छीन लिया और बुलेट की चाबी फेंककर फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित तथा गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान इंदिरा नगर निवासी सोहेल अंसारी (23), उर्दना डीपापारा निवासी रणवीर कुमार (22) और कुरमापाली निवासी रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, रामकुमार के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई थी।
पूछताछ के दौरान रामकुमार मेहता ने युवती का मोबाइल फरार साथी मोहम्मद मोफिद आलम के पास होने की जानकारी दी। पुलिस को पता चला कि मोफिद उर्दना-रायगढ़ मार्ग स्थित एक गैरेज में पंचर बनाने का काम करता है। वारदात के बाद से वह दुकान और घर से गायब था। बाद में उसके गैरेज में दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान संबंधी कार्रवाई के बाद पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
