Raigarh News

जॉब दिलाने के बहाने महिला व नाबालिग से छेडख़ानी

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को कार सहित दबोचा

रायगढ़। जॉब दिलाने के नाम पर महिला और नाबालिग को झांसे में लेकर छेडख़ानी करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र बेहरा पिता मिनकेतन बेहरा उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम रायकेरा थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
घटना के संबंध में 24 अप्रैल को नाबालिग पीडि़ता (15 साल) द्वारा थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी भाभी (30 साल) को 16 अप्रैल को एक अज्ञात युवक ने मोबाइल पर कॉल कर स्वयं को “विजय” बताकर रायगढ़ की कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और छेडख़ानी की।
बालिका ने बताया कि इसकी भाभी के मोबाइल पर 16 अपै्रल को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके बताया कि उसका नाम विजय है और वह रायगढ़ की कंपनियों में काम दिलाता है, तब इसकी भाभी उसे काम दिला देने बोली थी। वह व्यक्ति 22 अपै्रल को उसी मोबाईल नंबर से पुन: इसकी भाभी को फोन करके बताया कि काम मिल गया है एक बार ग्राम अमलीडीह घरघोड़ा आकर मुझसे मिलो। तब उसकी भाभी के साथ बस से ग्राम अमलीडीह घरघोड़ा गये, शाम लगभग 05.30 बजे फोन कर अमलीडीह से ग्राम चिमटापानी के पास बुलाया, तब दूसरी बस से चिमटापानी रात करीब 08.00 बजे पहुंचे, बस से उतरे जहां एक व्यक्ति आकर हमसे मिला और बताया कि वह विजय है और वह अपने ग्रे रंग की कार में दोनों को बैठाया, बालिका कार में पीछे तरफ बैठी थी और उसकी भाभी आगे तरफ बैठी थी, आरोपी अपने ग्रे रंग की कार में दोनों को बैठाकर सुनसान स्थान ले गया, जहां बातचीत के दौरान पहले महिला के साथ गलत नियत से छेडख़ानी की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी कार से फरार हो गया। पीडि़ताओं की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में धारा 74,75(2),76,351(3) बी.एन.एस. एवं 8 पॉक्सो एक्ट कायम एवं 8 पॉक्सो एक्ट कायम पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा निवासी रायकेरा के रूप में स्थापित की और तत्काल दबिश देकर आरोपी को उसकी मारूति ब्रेजा कार सहित पकड़ा गया। दोनों पीडि़ताओं से आरोपी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन की शिनाख्त कराई गई, जिसमें आरोपी की पहचान मूल अपराधी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लेबर ठेकेदारी का काम करता है, उसने फर्जी नाम “विजय” बताकर नौकरी दिलाने के बहाने महिला को बुलाना और अपराध कारित करना स्वीकार किया। मामले में एट्रोसिटी की धाराएं विस्तारित कर पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोटोरोला मोबाइल फोन एवं मारूति ब्रेजा कार जब्त कर आरोपी को रिमांड पर पेश कर जेल भेजा गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button