महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में सामाजिक एकता और सेवा का संदेश
सारंगढ़-बिलाईगढ़। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अग्रसेन सेवा के प्रमुख दिनेश धनानिया, नंदकिशोर किशोर अग्रवाल, नंद किशोर केजरीवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजेश पुरुषोत्तमत्ता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल जी सहित महिला अग्रवाल समाज की माताएँ-बहनें और समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अरविंद हरिप्रिया ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद हरिप्रिया ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी समाज में समरसता, सेवा और मानवतावाद के सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, सहयोग और परोपकार की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि अग्रवाल समाज देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सेवा और रोजगार के क्षेत्र में समाज का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज स्वयं विकास करने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराता है और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है।
उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी के ‘एक ईंट और एक रुपये’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी सहयोग, सेवा और भाईचारे में निहित है। उन्होंने कहा कि समाज का अर्थ केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि ऐसा परिवार है, जहाँ सुख-दुःख में सभी एक-दूसरे के साथ खड़े रहें और विकास की यात्रा में कोई पीछे न छूटे।
संजय भूषण पांडेय ने अग्रवाल समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिला शक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता, सामाजिक सद्भाव, युवाओं के रोजगार और जनकल्याण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमनअर्पित की और समाज की एकता, सेवा तथा मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

