Raigarh News

पुसौर में जोरानाला के पास मिला ग्रामीण का शव, सिर-चेहरे पर चोट के निशान

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम छींच में गुरुवार सुबह जोरानाला के पास एक ग्रामीण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

मृतक की पहचान ग्राम छींच निवासी मित्रभानु भोय (59 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह खेती-किसानी के साथ हलवाई का काम भी करते थे। बुधवार शाम वह घर से मैदान जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जोरानाला के पास उनका शव देखा और इसकी सूचना दी।

परिजनों के अनुसार, मित्रभानु अक्सर बिना बताए आसपास के गांवों में मिठाई बनाने के काम से चले जाते थे। इसी वजह से बुधवार रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश नहीं की। गुरुवार सुबह शव मिलने की जानकारी पहुंचते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुसौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने के कारण मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button