लैलूंगा पुलिस ने 7 गौवंशों को बूचडख़ाने पहुंचने से पहले बचाया, गौवंश सुरक्षित, पिकअप जब्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी एवं पशुओं के साथ क्रूरता पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ष्ऑपरेशन शंखनादष् निरंतर चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 जून को थाना लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के बूचडख़ाने ले जाए जा रहे सात गौवंशों को सुरक्षित बचाया तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया।
थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 01- एफएल 9697 में मवेशियों को अवैध एवं क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड स्थित बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ सोनाजोरी-बरदरहा जंगल मार्ग पर नाकेबंदी कर घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध बोलेरो पिकअप वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोडक़र जंगल के रास्ते फरार हो गया। आसपास काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 05 गाय एवं 02 बछुआ, कुल 07 गौवंश अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में भूखे-प्यासे भरकर ले जाए जाते मिले। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में लगभग 35 हजार रुपये मूल्य के 07 गौवंश तथा करीब 3 लाख रुपये मूल्य की बोलेरो पिकअप सहित कुल 3 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर पुलिस कब्जे में ली गई। मामले में अज्ञात चालक के विरुद्ध थाना लैलूंगा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
