रायगढ़। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंटक जिलाध्यक्ष शाहनवाज खान ने जिले के विभिन्न उद्योगों में अपनी टीम के साथ पहुंचकर श्रमिकों के बीच तिरंगा फहराया और आजादी के इस पावन पर्व को पूरे गर्व, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में उद्योगों में कार्यरत मजदूर और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शाहनवाज खान ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना झंडा नहीं है, बल्कि यह देश के वीर शहीदों के बलिदान, किसानों की मेहनत, श्रमिकों के पसीने और करोड़ों भारतीयों के सपनों एवं उम्मीदों की पहचान है। देश के विकास में मजदूर वर्ग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कारखानों, खदानों, निर्माण स्थलों और विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में श्रमिक दिन-रात मेहनत कर देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में अपना योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आजादी के संघर्ष की याद नहीं दिलाता, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि देश की तरक्की में हर नागरिक की बराबर भागीदारी है। श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण को सुनिश्चित करना भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से इंटक अध्यक्ष शाहनवाज खान, महामंत्री सुखबीर सिंह, उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह ज्ञानी, सचिव फिरोज खान, सतीश बरवा, दुर्गेश साहू समेत हर उद्योग से इंटक के पदाधिकारी समेत सैकड़ो की संख्या में श्रमिक मौजूद थे।

