Raigarh News

अदाणी फाउंडेशन के प्रशिक्षण से छह ग्रामीण तीरंदाजों का राज्यस्तरीय अकादमियों में चयन

रायपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित अदाणी फाउंडेशन की तीरंदाजी प्रशिक्षण पहल के तहत छह खिलाड़ियों का राज्यस्तरीय खेल अकादमियों में चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों को छह महीने तक निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन दिया गया। चयनित खिलाड़ियों में घाटबर्रा, साल्ही, बासेन, हरिहरपुर, तारा और फतेहपुर गांव के खिलाड़ी शामिल हैं।

नवंबर 2025 में ग्राम साल्ही से शुरू हुए इस कार्यक्रम का संचालन एटीएमएसएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत श्री सर्विसेज द्वारा किया जा रहा है। परियोजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 157 बच्चों ने तीरंदाजी प्रशिक्षण में रुचि दिखाई थी। इनमें से प्रतिभा के आधार पर 15 बच्चों का चयन किया गया, जिनमें आठ बालिकाएं और सात बालक शामिल थे। चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के साथ आधुनिक खेल उपकरण और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया।

प्रशिक्षण का परिणाम रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय चयन परीक्षण में सामने आया। इस परीक्षण में पांच खिलाड़ियों को आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी, राज्य तीरंदाजी केंद्र, रायपुर के लिए चुना गया। यह केंद्र छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित है। वहीं, एक खिलाड़ी का चयन बिलासपुर के बहतराई स्थित लेट बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र के लिए हुआ।

चयनित खिलाड़ियों में ग्राम घाटबर्रा की महिमा सिंह, ग्राम साल्ही की अंजलि कुशरो, ग्राम बासेन के दिलेश्वर श्याम, ग्राम हरिहरपुर के अंशु वरकड़े, ग्राम तारा के सत्यम तिर्की और ग्राम फतेहपुर के प्रियांशु विश्वकर्मा शामिल हैं।

राज्यस्तरीय अकादमियों में चयनित होने से इन खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अपनी क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। छह महीने के प्रशिक्षण के बाद मिली इस सफलता को ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर तथा संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों ने कम समय में अच्छा प्रदर्शन किया है और प्रतिभाओं को अवसर तथा उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, महिला सशक्तिकरण, खेल और सामुदायिक बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समुदायों के विकास के लिए कार्य कर रहा है। तीरंदाजी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छह खिलाड़ियों का चयन इसी पहल का हिस्सा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button