Raigarh News

केला विहार मार्ग पर महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो युवक मंगलसूत्र झपटकर फरार

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केला विहार शिव मंदिर मार्ग पर मंगलवार शाम एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और तहसील कार्यालय की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी श्रीमती गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। शाम करीब 5:20 बजे पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटा और दोनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की तस्वीरें मिली हैं। आरोपियों की पहचान के लिए इन तस्वीरों को विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किया गया है। इसके साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संदिग्धों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर चक्रधरनगर थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर सूचना दें।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button