Raigarh News

पीएम आवास योजना से हीरामती का सपना पूरा, नए पक्के घर में मनेगी दीपावली

रायगढ़। ग्राम ननसिया की हीरामती और उनके परिवार के लिए इस बार दीपावली खास होने जा रही है। वर्षों तक कच्चे मकान में रहकर बारिश और मौसम की मार झेलने वाले परिवार को अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिल गया है। परिवार इस बार अपने नए और सुरक्षित आशियाने में दीपावली मनाएगा। पक्का मकान मिलने से हीरामती के परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है।

हीरामती बताती हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी और खपरैल से बने कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, जिससे घर के सदस्यों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। तेज बारिश और खराब मौसम के दौरान परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। ऐसे में सुरक्षित घर का सपना लंबे समय से अधूरा था।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत होने से परिवार को राहत मिली है। अब उन्हें बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और खराब मौसम की चिंता नहीं सताती। पक्की छत मिलने से परिवार को सुरक्षित रहने का भरोसा मिला है। हीरामती के लिए यह मकान केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और परिवार की खुशियों का नया आधार बन गया है।

नए घर में दीपावली मनाने को लेकर हीरामती और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके लिए इस बार दीपों का पर्व केवल रोशनी और उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक भी है।

पक्का आवास मिलने पर हीरामती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर मिल रहा है। उनका परिवार भी अब सुरक्षित छत के नीचे रह सकेगा। नए घर में परिवार के साथ दीपावली मनाने की खुशी उनके लिए अविस्मरणीय रहेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button