दीपावली से पहले रायगढ़ के 3 होटलों में खाद्य विभाग की जांच, 7 सैंपल लिए
रायगढ़। दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सामग्री में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर के होटलों में निरीक्षण अभियान शुरू किया है। बुधवार को विभाग की टीम ने तीन होटलों का निरीक्षण कर मिठाई और नमकीन सहित खाद्य सामग्री के सात नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम सबसे पहले रामनिवास टॉकीज रोड स्थित तुलसी होटल पहुंची। यहां साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसन पापड़ी, नारियल बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने बोइरदादर रोड स्थित मिथिला रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जहां से कलाकंद और कुंदा के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए।
इसी क्रम में सत्तीगुड़ी चौक स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट से बेसन लड्डू और गठिया नमकीन के नमूने लिए गए। इस तरह तीनों प्रतिष्ठानों से कुल सात नमूने एकत्र कर गुणवत्ता जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जहां भी साफ-सफाई में कमी पाई गई, वहां प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने पर जोर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल और नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि त्योहार को देखते हुए होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। संदेह के आधार पर खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने में समय लगता है। रिपोर्ट में गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी या मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।