Raigarh News

बनोरा आश्रम मानव सेवा, दया और करुणा की परंपरा को बढ़ा रहा आगे : विष्णुदेव साय

रायगढ़। अघोरेश्वर भगवान राम के अवतरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने बाबा प्रियदर्शी राम से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आश्रम में सादगी के साथ पंगत में बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया। इसके बाद वे अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नवीन भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों, विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। परिसर के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विज्ञान प्रदर्शनी भी देखी और उनके नवाचारों की सराहना की।


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बनोरा आश्रम लंबे समय से मानव सेवा, दया और करुणा के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां स्वास्थ्य एवं नेत्र शिविरों के आयोजन से लेकर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने तक विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित होती रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में नवीन विद्यालय भवन की स्थापना भी इसी सेवा भावना का विस्तार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विद्या मंदिर क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय में विद्यार्थी ज्ञान अर्जित करने के साथ अच्छे संस्कार भी ग्रहण करेंगे। उन्होंने विद्यालय के नवीन भवन को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक अवसरों के विस्तार से जोड़ते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के अघोरेश्वर भगवान राम से रहे पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय अघोरेश्वर भगवान राम के परम शिष्य थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव बगिया से होकर रायगढ़ की ओर जाने के दौरान कई अवसरों पर उन्हें बाबा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

मुख्यमंत्री ने बाबा प्रियदर्शी राम के प्रति भी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्षों से उन्हें बाबा का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आश्रम के पदाधिकारियों, संतवृंद और शिक्षकवृंद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विद्यार्थियों के ज्ञान एवं संस्कार निर्माण में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने भी बनोरा आश्रम की सेवा परंपरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि बनोरा आश्रम केवल आध्यात्मिक साधना का केंद्र नहीं, बल्कि मानव सेवा, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम ने अपने जीवन के माध्यम से सेवा, दया, करुणा और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, बनोरा आश्रम उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि आश्रम द्वारा वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

वित्त मंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम के मार्गदर्शन में इस सेवा परंपरा के निरंतर विस्तार की कामना की। उन्होंने आश्रम और उससे जुड़ी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा द्वारा निर्मित अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर करीब 8 एकड़ परिसर में विकसित किया गया है। लगभग एक लाख वर्गफीट में निर्मित इस भवन में 41 कक्षाएं, 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जी प्लस-2 संरचना वाले भवन में विद्यार्थियों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

नर्सरी कक्षा के बच्चों के लिए खेल सामग्री की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रारंभिक शिक्षा के साथ खेल और गतिविधियों के माध्यम से उनका सहज विकास हो सके। विद्यालय के संचालन के लिए 32 शिक्षक और 14 कार्यालयीन कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से युक्त यह परिसर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और सर्वांगीण विकास का वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

अघोरेश्वर भगवान राम का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता के संदेश से जुड़ा रहा। उन्होंने समाज में उपेक्षित और पीड़ित लोगों के प्रति संवेदना को आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण आधार बनाया। विशेष रूप से कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के बीच जाकर सेवा करने और उन्हें अपनत्व एवं सम्मान देने के उनके प्रयासों का उल्लेख किया जाता है।

उनका जीवन-दर्शन मनुष्य में ईश्वर के दर्शन, समानता, प्रेम, करुणा और जरूरतमंदों की सहायता की प्रेरणा से जुड़ा रहा। उन्होंने आध्यात्मिक साधना को समाज और मानव कल्याण से जोड़ने पर बल दिया। सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निर्धारित 19 सूत्रीय सिद्धांतों के माध्यम से विभिन्न आश्रमों और संस्थाओं में सामाजिक एवं मानवीय कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

रायगढ़ जिले के पूर्वांचल में स्थित ग्राम बनोरा ने आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है। करीब तीन दशक पहले पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम के कर कमलों से यहां अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी। स्थापना के बाद से ट्रस्ट और उससे जुड़ी संस्थाओं द्वारा जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा तथा सामाजिक संस्कारों से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button