Raigarh News

खरसिया में शासकीय भूमि पर अवैध फ्लाईऐश डंपिंग का आरोप, वाहन पलटने के बाद शिकायत दर्ज

रायगढ़। तहसील खरसिया अंतर्गत ग्राम छोटेदेवगांव में शासकीय भूमि पर कथित रूप से अवैध फ्लाईऐश (डस्ट) डंपिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम छोटेदेवगांव निवासी घनश्याम पटेल (पिता बुन्दराम पटेल) ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) खरसिया को लिखित शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कान्ता प्रसाद गुप्ता (पिता संतराम गुप्ता), निवासी ग्राम छोटेदेवगांव, द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से फ्लाईऐश डंप कर कब्जा किया जा रहा है। आवेदक के अनुसार ट्रेलर वाहन क्रमांक ब्ळ10ब्ठ8001 सहित अन्य ट्रेलरों के माध्यम से उक्त स्थान पर फ्लाईऐश डाली जा रही थी।
आवेदन में उल्लेख है कि 27 फरवरी की रात कथित रूप से अवैध डंपिंग के दौरान एक ट्रेलर वाहन मौके पर पलट गया। शिकायतकर्ता ने संबंधित वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि पर हो रही कथित अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
घनश्याम पटेल ने बताया कि इस संबंध में तहसीलदार को भी आवेदन दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button