नवतपा में राहत का सहारा बना बिप्र परिवार का प्याऊ

रायगढ़। भीषण गर्मी और नवतपा की तपिश के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अपने दु:ख-सुख के साथी बिप्र परिवार द्वारा रायगढ़ के होटल श्रेष्ठ के पास 9 दिवसीय प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह प्याऊ 2 जून तक निरंतर संचालित रहेगा।
संस्था के अध्यक्ष सुरेश कुमार दुबे के नेतृत्व एवं अध्यक्षता में संचालित इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य राहगीरों, यात्रियों, मजदूरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल, गुड़, सरबत आदि उपलब्ध कराना है, ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोगों को राहत मिल सके।
नवतपा के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि होती है, ऐसे में सडक़ से गुजरने वाले लोगों को सबसे अधिक आवश्यकता स्वच्छ और ठंडे पेयजल की होती है। इसी मानवीय भावना को ध्यान में रखते हुए बिप्र परिवार ने यह सराहनीय पहल की है। संस्था का यह प्रयास समाजसेवा और मानवता की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
प्याऊ का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष सुरेश कुमार दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर भानु प्रताप मिश्र, इंद्र कुमार मिश्रा, अनुदीप मिश्रा, लक्ष्मीकांत तिवारी, विनय मिश्रा, अवधमनी तिवारी, सुरेंद्र पांडेय, बब्लू मिश्रा, पिंटू दुबे, जगदीश शरण द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य बिप्र बंधु उपस्थित रहे।
बिप्र परिवार की यह पहल रायगढ़ शहर में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है। गर्मी के इस कठिन समय में संस्था द्वारा किया गया यह कार्य न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखने वाला प्रेरक उदाहरण भी है।
