Breaking News

रेलवे स्टेशन के बाहर 1120 नग गोगो रैपर के साथ एक व्यक्ति पकड़ाया

रायपुर के तिल्दा से खरीदकर पान ठेलों में चोरी-छिपे करता था बिक्री

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत 09 जून की रात्रि थाना साइबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

20 डिब्बों में मिला 1120 नग गोगो रैपर

संदेही सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 साल) सिंधी कॉलोनी पक्की खोली चक्रधरनगर के कब्जे से दो कार्टूनों में 20 डिब्बों में कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उक्त गोगो रैपर के अंदर तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इसका उपयोग किया जाता है।

पान ठेलों में करता था सप्लाई

पूछताछ के दौरान संदेही ने बताया कि वह उक्त गोगो रैपर को तिल्दा, जिला रायपुर से लगभग 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बेचता था।

प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई

अनावेदक सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस द्वारा उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 123 एवं 135(क) के तहत भी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

नशे के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा

रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री तथा युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button