रायगढ़। दीपावली से पहले खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने शहर के होटलों, मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की टीम ने अलंकार होटल के कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में कमी सहित कई खामियां मिलीं। टीम ने संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए और सेव, कुंदा व चमचम के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। इस दौरान कारखाने में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं पाई गई। टीम ने कमियों को दूर करने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की टीम शहर के साथ जिले के अन्य होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी लगातार जांच कर रही है। इससे पहले राखी सहित अन्य त्योहारों के दौरान भी दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। इन सैंपलों को प्रयोगशाला भेजा गया था और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई थी।
इससे पहले अगस्त में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने सप्ताहभर तक ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाया था। इसके तहत कलकत्ता स्वीट्स, आशीर्वाद ट्रेडर्स और कातोरे रेस्टोरेंट सहित होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था।
अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य सामग्रियों के सैंपल भी लिए गए थे। सप्ताहभर चले अभियान में 20 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई थी। इस दौरान विभाग की टीम शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के खाद्य प्रतिष्ठानों तक भी पहुंची थी। दीपावली को देखते हुए अब एक बार फिर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था की जांच की जा रही है।

