रायगढ़। दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के होटलों और मिठाई दुकानों में जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की टीम ने शहर के अलंकार होटल के कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में कमी सहित कई खामियां सामने आईं। टीम ने संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सेव, कुंदा और चमचम के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान कारखाने में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिली। टीम ने संचालकों को आवश्यक सुधार करने और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें शहर के साथ जिले के अन्य होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण कर रही हैं। इससे पहले राखी सहित अन्य त्योहारों के दौरान भी दुकानों की जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई थी।
इससे पहले अगस्त में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने सप्ताहभर तक बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान चलाया था। इसके तहत कलकत्ता स्वीट्स, आशीर्वाद ट्रेडर्स और कातोरे रेस्टोरेंट सहित होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई थी।
अभियान के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए गए थे। सप्ताहभर चले इस अभियान में 20 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था। विभाग की टीम ने शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचकर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की थी। दीपावली को देखते हुए अब एक बार फिर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाई गई है।

