रायगढ़। एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्रीय मुख्यालय में 2 नवंबर को विशेष अभियान 6.0 एवं राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (संचालन) अनुराग शेखर दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक बोरा सुंदर और स्टाफ अधिकारी (मा.स.) ए.डी. टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई मित्र को सम्मानित किया गया। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल और परिवेश के निर्माण में उनके समर्पण तथा योगदान की सराहना की गई। इसके साथ ही विशेष अभियान 6.0 और राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला, भाषण, वेस्ट-टू-आर्ट, आलेख लेखन, हिंदी पत्र लेखन और टिप्पणी लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें एसईसीएल कर्मचारियों के साथ डीएवी स्कूल छाल और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चक्रधर नगर, रायगढ़ के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और विद्यार्थियों को अतिथियों ने सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि अनुराग शेखर दुबे ने प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज कुमार के मार्गदर्शन में विशेष अभियान 6.0 का आयोजन 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक और राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन 14 से 29 सितंबर तक किया गया। इस दौरान स्वच्छता, कार्यालयीन कार्यप्रणाली में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और हिंदी के प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियां संचालित की गईं।

