13 तारीख को भगवान शिव की भव्य बारात नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा मनोहर नायक के घर से ,निकलेगी :- रतन शर्मा
*13 जून को निकलेगी भगवान शिव की भव्य बारात, लाल तालाब शिव मंदिर प्रांगण में होगा शिव-पार्वती विवाह*
बरमकेला। धार्मिक आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रहा नगर 13 जून को, जब नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा मनोहर नायक के निवास से भगवान शिव की भव्य बारात धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार भगवान भोलेनाथ की बारात नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। बारात में भगवान शिव के विविध स्वरूपों की आकर्षक झांकियां, ढोल-ताशे, बैंड-बाजे, भजन मंडलियां एवं श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा और श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ बारात में शामिल होंगे।
बारात का समापन लाल तालाब स्थित शिव मंदिर प्रांगण में होगा, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती का दिव्य विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा विवाह समारोह के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, पूजन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रतन शर्मा ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा मनोहर नायक ने कहा कि भगवान शिव एवं माता पार्वती का यह पावन विवाह समारोह समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देगा।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अपने परिवार सहित इस भव्य आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा भगवान शिव-पार्वती का आशीर्वाद ग्रहण करें। समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आयोजन नगर के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

