Breaking News

पेंशन और राशन पर कांग्रेस के आरोपों का विकास केडिया ने दिया जवाब, बोले- पुराने भ्रष्टाचार की सफाई जारी

रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव द्वारा भाजपा सरकार पर गरीबों की उपेक्षा और पूंजीपतियों पर मेहरबानी के आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को हताशा और अज्ञानता बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर जनता को भ्रमित करने का आरोप भी लगाया।

विकास केडिया ने पेंशन में देरी और केंद्र से 500 रुपये की राशि का आवंटन रुकने संबंधी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बुजुर्गों को पेंशन के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था, जबकि विष्णुदेव साय सरकार ने पेंशन राशि बढ़ाई है और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे खातों में राशि भेजी जा रही है। उनके मुताबिक, तकनीकी कारणों से होने वाली देरी में सत्यापन की प्रक्रिया शामिल हो सकती है, ताकि अपात्र लोगों के नाम पर पेंशन जारी न हो।

बीपीएल राशनकार्ड के मुद्दे पर केडिया ने कहा कि पात्रता के लिए आय और मकान से संबंधित मापदंड तय करना पारदर्शिता की दिशा में कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान अपात्र लोगों को भी बीपीएल सूची में शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि कोई वास्तविक जरूरतमंद सर्वे में छूट गया है, तो उसकी पात्रता की दोबारा समीक्षा का प्रावधान है। राशनकार्ड और स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह योजना के तहत पात्रता के अनुसार उपचार की सुविधा दी जाती है।

बिजली बिल के मुद्दे पर भाजपा नेता ने दावा किया कि सरकार ने 50 प्रतिशत बिजली बिल हाफ योजना जारी रखी है। उन्होंने कांग्रेस शासन के दौरान बिजली क्षेत्र में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया। उद्योगपतियों की कर्जमाफी को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय दिए गए कर्ज की वसूली केंद्र सरकार ने की है। राशनकार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है।

केडिया ने कहा कि गरीबों को पेंशन, राशन, इलाज और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही विकास का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने दावा किया कि विधायक और मंत्रियों के स्वेच्छानुदान का उपयोग जरूरतमंदों के बिजली बिल, इलाज और बेटियों की शादी में सहायता देने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और कांग्रेस के आरोपों से जनता भ्रमित नहीं होगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button