spot_img

Latest Posts

सारंगढ़ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर,प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत; कलेक्टर पद्मिनी भोई और एसपी सुनील शर्मा समेत भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं व नगर वासियों ने की सहभागिता

सारंगढ़ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत; कलेक्टर पद्मिनी भोई और एसपी सुनील शर्मा समेत भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं व नगरवासियों ने की सहभागिता

सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सारंगढ़ में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के बीच निकली इस यात्रा में जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहर स्थित भारत माता चौक से हुई। जहाँ हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और गलियों से होते हुए आगे बढ़े। यात्रा का समापन रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के पास किया गया।
इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के साथ जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित जिलेभर के भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रईस मिल एसोसिएशन ने लगाया सेवा पंडाल
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के लिए रईस मिल एसोसिएशन, सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा विशेष सेवा पंडाल लगाया गया। यहां यात्रा में शामिल लोगों को ड्राई फ्रूट और पानी की बोतलों का वितरण किया गया। एसोसिएशन के इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना की। यात्रा के दौरान जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर देशभक्ति के इस आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ का दिया संदेश

वही यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ देश की शान है। तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का उत्साह गांव से लेकर शहर और प्रत्येक घर तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने इसी भावना को समझते हुए तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है।

प्रभारी मंत्री ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होती है।

भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण उत्साह और राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss