Raigarh News

किरोड़ीमल कॉलेज को 10.78 करोड़ की सौगात, ओपी चौधरी ने भवन निर्माण का किया भूमिपूजन

रायगढ़। राज्योत्सव के अवसर पर शासकीय किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 10 करोड़ 78 लाख 80 हजार रुपये की लागत से नए भवन और प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण और उच्च शिक्षा के विस्तार को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

प्रस्तावित निर्माण में कुल 12 कक्षाएं, 9 प्रयोगशालाएं, स्टाफ रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और सेमिनार हॉल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही स्थायी सांस्कृतिक मंच और डोम का निर्माण भी होगा। पुराने भवन के ऊपर 6 कक्षाएं और 3 प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। वहीं नए भवन के भूतल और प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य सुविधाएं विकसित होंगी।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को काम एक वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार की युवा योजना के तहत यूपीएससी की तैयारी करने वाले चयनित 200 विद्यार्थियों को कोचिंग शुल्क, दिल्ली में आवास और भोजन के लिए लगभग 3.50 से 4 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। पीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और व्यापम की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए शिखर, उड़ान और मंजिल योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि केलो नदी के किनारे लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा रायगढ़ में प्रयास विद्यालय, उद्यानिकी महाविद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय, फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय और बीपीएड कॉलेज जैसी शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विधि महाविद्यालय के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव के आयोजन के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित करमा नृत्य प्रस्तुत किया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button