Raigarh News

आंगन मिलन में सेवा, सम्मान और संस्कार का संगम

रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले के 487 आंगनबाड़ी केंद्रों में अब तक 2,908 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 18,965 लोगों ने भाग लिया। इनमें 9,834 महिलाएं, 3,158 पुरुष और 6,877 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों में से 1,628 को सम्मानित किया गया।

आंगन मिलन के दौरान विभिन्न केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता, कहानी एवं बाल गीत तथा फैंसी ड्रेस जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

खरसिया के बोतल्दा-01 आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पोषण टोकरी प्रदान की गई। छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन और महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। कम एचबी वाली महिलाओं को आयरनयुक्त आहार और आवश्यक दवाओं की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट कार्य के लिए कार्यकर्ता इंद्रावती सारथी, सहायिका शांता कंवर और मितानिन सुमन बाई को सम्मानित किया गया।

बरभौना-2 केंद्र में फैंसी ड्रेस, पौष्टिक व्यंजन और स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता के साथ वृक्षारोपण किया गया। कोसमपाली केंद्र में कहानी प्रतियोगिता और बाल गीत आयोजित हुए तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कुकरीझरिया केंद्र में कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन का सम्मान किया गया और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ‘आंगन मिलन’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button