Raigarh News

मिलूपारा में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता, सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रायगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से ग्राम मिलूपारा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कबड्डी और खो-खो की इस प्रतियोगिता में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर सहित सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भंसीधर चौधरी, नंदिनी मनोज राय, पेलमा साइट हेड, गारे पेल्मा-तीन साइट हेड और लॉजिस्टिक्स हेड की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान मिलूपारा के सरपंच उद्धव भगत, उपसरपंच सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, यादलाल नायक, बबलू पटेल, अशोक पटेल और नित्यानंद सहित अदाणी समूह के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए प्रयास किए। विभिन्न स्कूलों से आई बालक-बालिकाओं की टीमों के बीच मुकाबले हुए। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी उपहार प्रदान किए गए।

आयोजन में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अदाणी फाउंडेशन ने बस परिवहन की व्यवस्था की थी। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में सुविधा मिली। मैदान में संभावित चोट या आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई थी।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक और मानसिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं।

पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं। गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने खेलकूद के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।

अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी गतिविधियों के साथ खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रयास कर रहा है। मिलूपारा में आयोजित इस प्रतियोगिता में सात स्कूल क्लस्टरों के विद्यार्थियों की भागीदारी रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button