अंतरराज्यीय उठाईगिरी-लूट गैंग का भंडाफोड़, रायगढ़ पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा, कई वारदातों का खुलासा

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ के लैलूंगा पुलिस को उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है, आरोपी अरविंद नट अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया उर्फ ओमप्रकाश नट के साथ रायगढ़ जिले के अलावा उड़ीसा-छत्तीसगढ़ सहित कई जिलों में लगातार लूट, चोरी और उठाईगिरी के अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था। आरोपियों की छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस को तलाश थी।
सीसीटीवी एनालिसिस से पहचान, रेकी करते पकड़ा गया आरोपी
विदित हो कि थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत इसी साल जनवरी महीने में बुधवारी बाजार और ज्टै शो रूम के पास मोटर सायकल डिक्की से उठाईगिरी और इसी माहीने स्टेट बैंक शाखा लैलूंगा के पास से लगातार दो उठाईगिरी की घटनाएं हुई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा एसडीओपी धरमजयगढ़ और थाना प्रभारी लैलूंगा को वारदातों पर अंकुश लगाने तथा शीघ्र माल मुल्जिम की पतासाजी निर्देशित किया गया, लैलूंगा पुलिस ने लगातार हो रही वारदातों का तकनीकी विश्लेषण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतरराज्यीय इनपुट जुटाए, जिससे ग्राम शिवपुरी पत्थलगांव जिला जशपुरनगर के आरोपी अरविंद प्रताप सिंह और ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया की आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी अरविंद प्रताप सिंह को उस समय धर दबोचा जब वह लैलूंगा क्षेत्र में फिर से उठाईगिरी की योजना बनाकर रेकी कर रहा था।
अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा: मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कई वारदातें कबूल
आरोपी अरविंद ने बताया कि ठेकेदारी का काम करता है। अपने साथी ओंमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया पिता सीताराम उम्र 45 वर्ष ग्राम भलगढ़ थाना अनुपपुर जिला अनुपपुर (म.प्र.) के साथ मिलकर मध्य प्रदेश के अनुपपुर, शहडोल, उड़ीसा के सुंदरगढ़, झारसुगड़ा में एक वर्ष के भीतर 10-12 जगह उठाईगिरी लुटपाट एवं चोरी किये है। आरोपी ने जशपुर जिले में भी उठाईगिरी को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपी ने रायगढ़ जिले के लैलूंगा थानाक्षेत्र में माह जनवरी में लैलूंगा के घरघोड़ा रोड में एक मो.सा. गैरेज के सामने खड़ी मो.सा. के डिक्की से करीबन 2,15000 रू. (दो लाख पन्द्रह हजार) रूपये को चोरी, जनवरी 2026 में ही बुधवारी बाजार लैलूंगा के पास खड़ी एक मो.सा. के डिक्की से 40,000 रू. चोरी, माह अप्रैल 2026 में दीवान होटल लैलूंगा के पास खड़ी एक लाल रंग के कार के कांच को लोहे के पेचकस से तोडक़र कार भीतर रखा हुआ 59,000 रू. को चोरी और माह अप्रेल 2026 में ही अग्रसेन चौक के पास खड़ी एक मो.सा. के डिक्की से 50,000 रू. चोरी करना बताया। आरोपी ने लूट और चोरी के पैसों से एक मोटरसाइकिल होंडा साइइन की खरीदी की थी जिसे अपराधों में इस्तेमाल किया है और काफी रुपए घरेलू कामों में खर्च किया है। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और चाबी बरामद की गई है।
आरोपी अरविंद की गिरफ्तारी से थाना लैलूंगा के धारा 303(2) बीएनएस के मामलों का खुलासा हुआ है तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, उसका साथी ओंमप्रकाश उर्फ बच्चा अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
वारदात का पैटर्न: बैंक के बाहर रेकी, मौका मिलते ही साफ कर देते थे रकम
आरोपी अरविंद से पूछताछ में आरोपियों का एक सुनियोजित पैटर्न सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास सक्रिय रहते थे और पैसे निकालकर निकलने वाले व्यक्तियों की रेकी करते थे। जैसे ही मौका मिलता, वाहन खड़ा कर ध्यान भटकने पर पेचकस और डुप्लीकेट चाबी की मदद से मोटरसाइकिल की डिक्की खोलना या कार का शीशा तोडक़र अंदर रखी रकम पार कर देते थे। वारदात के बाद रकम आपस में बांट ली जाती थी।
