Raigarh News

डायल 112 चालक से मारपीट, एक गिरफ्तार, दो फरार, आरोपी से धारदार हथियार जब्त

रायगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में डायल 112 के चालक के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है तथा उसे अजमानतीय धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में प्रार्थी मुकेश नायक (26 वर्ष), निवासी सराईभदर थाना जूटमिल ने 04 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह डायल 112 वाहन में प्राइवेट रूप से चालक का कार्य करता है। 03 अप्रैल की रात करीब 08:30 बजे अपनी स्कूटी से कोतरारोड़ स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान की ओर गया था। इसी दौरान काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उससे बेवजह विवाद कर जबरन सुनसान स्थान पर ले गए। वहां तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से कमर के नीचे वार कर दिया, जिससे प्रार्थी घायल हो गया। शोर मचाने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 118(1), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की, जिसमें एक आरोपी जितेन्द्र कुमार टण्डन (30 वर्ष), निवासी रामभाठा, जयस्तंभ के सामने रायगढ़ को हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई, जहां प्रार्थी ने उसे पहचान लिया।
पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र टण्डन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर रामभाठा स्थित प्यासा मैदान की झाडिय़ों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button