ऑपरेशन आघात के तहत बंगुरसिया में छापेमारी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम बंगुरसिया में दो स्थानों पर छापेमारी कर एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 14 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को मुखबिर से ग्राम बंगुरसिया में अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इंदिरा आवास पारा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (34) के घर के पीछे बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी गई दो-दो लीटर क्षमता की चार कोल्ड ड्रिंक बोतलों में कुल 8 लीटर महुआ शराब मिली। इसकी कीमत करीब 1,600 रुपये आंकी गई है।
इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम बंगुरसिया निवासी गुरबारी साहू (58) के घर पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढककर रखी गई 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में शराब जब्त कर संतोष कुमार विश्वकर्मा और गुरबारी साहू के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, हर्ष चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार भानु, जेनिपा पन्ना तथा आरक्षक विक्रम कुजूर और चन्द्रकुमार बंजारे की भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
