Raigarh News

5 टन लोहे की हेराफेरी का खुलासा, ट्रक ड्राइवर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। औद्योगिक संस्थान से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में से करीब 5 टन की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पूंजीपथरा पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये कीमत के दो लोहे के क्वायल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रास्ते में ट्रक से क्वायल उतारकर गैरेज में छिपा दिए थे और उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए वाहन क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर भेजा गया था। 11 सितंबर को ट्रक चालक मुरली साहू रायपुर पहुंचा तो धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम मिला। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय की शिकायत पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। इसके बाद पुलिस ने चेतन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि रायगढ़ के हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता के साथ मिलकर लोहे के क्वायल चोरी करने की योजना बनाई थी।

योजना के तहत ट्रक से दो क्वायल बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में उतारे गए और संतोष ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपा दिया। पुलिस ने गैरेज में दबिश देकर करीब 5 टन वजन के दोनों क्वायल बरामद किए। पुलिस ने संतोष कुमार गुप्ता (25), निवासी बिहार और चेतन साहू उर्फ रामजाने (30), निवासी रायपुर को 1 नवंबर को गिरफ्तार किया। मुरली साहू को भी मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button