Raigarh News

पटवारियों की हड़ताल के बीच रायगढ़ प्रशासन ने पूरा किया 98% धान रकबा सत्यापन

रायगढ़ जिले में पटवारियों की हड़ताल के बीच जिला प्रशासन ने धान के रकबे के भौतिक सत्यापन का काम तेजी से आगे बढ़ाते हुए 98 प्रतिशत पॉलीगॉन जनरेशन पूरा कर लिया है। जिले में निर्धारित 1 लाख 52 हजार 49 धान खसरों में से 1 लाख 48 हजार 773 से अधिक खसरों का पॉलीगॉन तैयार किया जा चुका है। प्रशासन ने राजस्व निरीक्षकों, सर्वेयरों, कोटवारों और किसानों के सहयोग से यह प्रगति हासिल की है। शेष खसरों का सत्यापन भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।

पटवारियों की हड़ताल के कारण किसानों के धान विक्रय की प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था बनाई। तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों की निगरानी में मैदानी अमले ने गांवों में पहुंचकर खेतों की पहचान और भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान किसानों और कोटवारों की मदद से वास्तविक खेतों की पुष्टि की गई।

सत्यापन के लिए थर्ड पार्टी सर्वेयरों को संबंधित खसरों की जानकारी देकर मौके पर भेजा गया। किसानों ने अपने खेतों की सीमाएं बताईं, जिसके आधार पर सर्वेयरों ने पॉलीगॉन तैयार कर आवश्यक जानकारी दर्ज की। राजस्व नक्शों का गूगल मैप से मिलान भी किया गया, ताकि खेतों की भौगोलिक स्थिति की पुष्टि हो सके। यह प्रक्रिया डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के दूसरे चरण के अंतर्गत की जा रही है, जिसमें ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पाए खसरों की मौके पर पहचान और भौतिक सत्यापन किया जाता है।

अभियान में 27 राजस्व निरीक्षक, लगभग 1,385 सर्वेयर और 900 से अधिक कोटवार सक्रिय रहे। अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर हेमेन्द्र भूआर्य सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्य की निगरानी की। तहसील और अनुविभाग स्तर पर भी नियमित समीक्षा की गई।

जिले की घरघोड़ा, धरमजयगढ़, पुसौर, मुकडेगा और रायगढ़ तहसीलों में पॉलीगॉन जनरेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। खरसिया में 99.40 प्रतिशत, लैलूंगा में 98.76 प्रतिशत, तमनार में 98.67 प्रतिशत, छाल में 90.02 प्रतिशत और कापू में 84.97 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। सत्यापन कार्य 902 गांवों में किया गया है, जबकि अभियान में कुल 938 गांव शामिल रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button