Raigarh News

यूनिटी मेटा टोकन में मुनाफे का लालच देकर 11.60 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 19 अक्टूबर। यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 11 लाख 60 हजार रुपये की कथित ठगी के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी एक युवक ने निवेश के लिए अपना खेत बेचकर रकम जुटाई थी, लेकिन उसे न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस मिली। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता विक्रम परिडा (26), मूल निवासी जिला गंजाम, ओडिशा और वर्तमान निवासी चक्रधरनगर, रायगढ़ ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। वह वर्ष 2024 से रायगढ़ में रह रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान गजुला मोहन से हुई, जो चक्रधरनगर क्षेत्र में एक फास्ट फूड दुकान में कुक का काम करता था। आरोप है कि गजुला ने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश से लाभ कमाने की बात कहकर उसे भी निवेश के लिए प्रेरित किया।

शिकायत के अनुसार, युवक ने 25 जुलाई से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11.60 लाख रुपये निवेश किए। रकम प्राप्त करने के लिए चंदन दास के माध्यम से बीड क्वाइन से जुड़े कार्य करने वाले भावेष पटेल के बैंक खाते का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। निवेश के बाद रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले में साइबर थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट की जांच की, जिसमें शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच रकम के लेन-देन की जानकारी सामने आई। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी प्रस्तुत किए, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गजुला मोहन के विरुद्ध वर्ष 2025 में भी चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में विवेकानंद राउत, देवेंद्र महापात्रे और शरद जैन से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी न्यायालय से स्टे लेने के बाद फरार चल रहा था। वर्तमान मामले में रकम के आगे अन्य लोगों तक पहुंचने और ओडिशा तथा मुंबई से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल करेंसी या ऑनलाइन निवेश में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और संबंधित संस्था की प्रमाणिकता जांचें। असाधारण मुनाफे के वादों पर भरोसा न करें। वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button