रायगढ़, 19 अक्टूबर। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों, रामलीला मंचन और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थाना पुलिस के साथ रिजर्व पुलिस, होमगार्ड और छठवीं बटालियन के जवान संभालेंगे।
पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी को सौंपी गई है। उनके मार्गदर्शन में प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा योजना में दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और छह डीएसपी सहित विभिन्न इकाइयों के जवानों को शामिल किया गया है।
पहले सेक्टर में सिटी कोतवाली क्षेत्र की जिम्मेदारी सीएसपी राहुल उईके संभालेंगे। यहां कोतवाली थाना, महिला थाना, यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। सेवाकुंज, गुजरातीपारा, रामलीला मैदान, हुडको कॉलोनी, बगीचा और नटवर स्कूल मैदान सहित प्रमुख दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
दूसरे सेक्टर में रामलीला मैदान और वहां होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा की जिम्मेदारी डीएसपी शिखर मरावी को दी गई है। तीसरे सेक्टर में कोतरारोड थाना क्षेत्र की कमान डीएसपी उन्नति ठाकुर संभालेंगी। थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में पुलिस और होमगार्ड के जवान खैरपुर, किरोड़ीमलनगर तथा भगवानपुर क्षेत्र में तैनात रहेंगे।
चौथे सेक्टर में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी और थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को सौंपी गई है। यहां छठवीं बटालियन, होमगार्ड और थाना पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पांचवें सेक्टर में जूटमिल थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी डीएसपी रोहित शुक्ला के पास होगी। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के साथ जूटमिल पुलिस और छठवीं बटालियन के जवान तैनात रहेंगे।
पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल और डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है। थाना यातायात और रिजर्व पुलिस लाइन के जवान भीड़ प्रबंधन और आवागमन को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों और आयोजन समितियों से पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। आयोजकों से सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है। पुलिस ने कार्यक्रम देखने आने वाले लोगों से चारपहिया वाहनों के उपयोग से बचने और संभव होने पर पैदल आने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।

