Raigarh News

महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘मां दुर्गा वाहिनी’ तैनात, छेड़छाड़ पर मिलेगी मदद

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नवरात्रि और दशहरा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला पुलिस की दो पेट्रोलिंग टीमें गठित की गई हैं। इन्हें ‘मां दुर्गा वाहिनी’ नाम दिया गया है। ये टीमें शहर के दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दोपहिया वाहनों से गश्त करेंगी। पुलिस ने महिलाओं और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

पुलिस ने सभी दुर्गा पंडालों में हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम के नंबर वाले पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और श्रद्धालु तत्काल संपर्क कर सकें। छेड़छाड़, सुरक्षा संबंधी परेशानी या किसी भी आपात स्थिति में हेलो सिस्टर हेल्पलाइन नंबर 9479270533 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ का नंबर 9479193299 भी जारी किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहली पेट्रोलिंग टीम की जिम्मेदारी कोतरारोड थाना की उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर को सौंपी गई है। दूसरी टीम की प्रभारी महिला थाना की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे हैं। दोनों टीमों में महिला और पुरुष आरक्षक शामिल रहेंगे। ये टीमें प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करेंगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दोनों टीमों को नियमित भ्रमण करने और महिलाओं को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों या छेड़छाड़ की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बार रायगढ़ में नवरात्रि के लिए अलग-अलग थीम पर दुर्गा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। दक्षिण चक्रधर नगर के अंबेडकर चौक क्षेत्र में ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया जा रहा है। गांधी गंज में मयूर महल और रामनिवास टॉकीज रोड पर पोस्ट बॉक्स की थीम रखी गई है। इसके अलावा चक्रधर नगर चौक, हंडी चौक, गौरीशंकर मंदिर परिसर, स्टेशन चौक, दरोगापारा और कोतरा रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी दुर्गा पंडाल बनाए गए हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button