spot_img

Latest Posts

जिंदल आदर्श भारती में वार्षिकोत्सव की धूम, विद्यार्थियों ने मंच पर दिखाई सांस्कृतिक विरासत

रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्थित जिंदल आदर्श ग्राम्य भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 15 और 16 अक्टूबर को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। ‘पन्नों की धरोहर’ और ‘धरोहर’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय साहित्य, संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और लोक परंपराओं को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

वार्षिकोत्सव के पहले दिन 15 अक्टूबर को कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने ‘पन्नों की धरोहर’ विषय पर प्रस्तुतियां दीं। इसमें लोटपोट, चंदा मामा, चंपक और नंदन जैसी पुरानी बाल पत्रिकाओं एवं पुस्तकों के लोकप्रिय किरदारों का मंचन किया गया। विद्यार्थियों ने इन पात्रों के माध्यम से पुरानी साहित्यिक धरोहर को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया।

दूसरे दिन 16 अक्टूबर को ‘धरोहर’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें भारतीय सभ्यता, संस्कृति, पारंपरिक तीज-त्योहारों और लोक परंपराओं को मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए दर्शाया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओपी जिंदल स्कूल के प्राचार्य एवं जिंदल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डीन आर.के. त्रिवेदी रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण के साथ मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन में उसे हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने एकाग्रता बढ़ाने का सरल तरीका भी बताया।

शिक्षण समिति के चेयरमैन विजय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से नियमित रूप से पुस्तकों तथा साहित्य का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत से मस्तिष्क के विकास और याददाश्त की क्षमता को बढ़ावा मिलता है। विद्यालय की सीबीएसई माध्यम की प्राचार्या प्रियंका जैन ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रगति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत और उसके मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने को साझा जिम्मेदारी बताया।

समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को एकेडमिक अवॉर्ड प्रदान किए गए। विभिन्न क्षेत्रों में सफल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षण समिति के पदाधिकारी, सदस्य, विद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में हायर सेकेंडरी विंग की को-ऑर्डिनेटर रिमझिम सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss