Raigarh News

वोट चोरी के आरोपों पर सुमीत शर्मा का पलटवार, विपक्ष पर घुसपैठियों की पैरवी का आरोप

रायगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर वोट चोरी के आरोपों के जरिए चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और विपक्ष के आरोपों को तथ्यों के आधार पर समझना चाहिए। शर्मा ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में कथित फर्जी नामों को बनाए रखने के लिए वोट चोरी का मुद्दा उठाया जा रहा है।

सुमीत शर्मा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 9 फरवरी 2025 के कथित बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में मतदाता भागीदारी बढ़ाने के लिए 21 मिलियन डॉलर खर्च किए जाने को लेकर सवाल उठने चाहिए। उन्होंने यूएसएआईडी के माध्यम से इस राशि के खर्च और उसके उद्देश्य पर प्रश्न उठाए। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता द्वारा बांग्लादेश के अखबार ‘द डेली स्टार’ में लिखे गए ‘Modi has to go’ शीर्षक वाले लेख का भी उल्लेख किया।

शर्मा ने असम की धुबरी लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार रकीबुल हुसैन की जीत, पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बांग्लादेश सीमा पर लोगों के कथित वीडियो और बांग्लादेशी सांसद अख्तर हुसैन के कथित बयान का हवाला देते हुए विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने इन घटनाओं को जोड़ते हुए घुसपैठ और मतदाता सूची की शुद्धता का मुद्दा उठाया।

उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ नामों में मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले, विस्थापित और गैर-ट्रेसेबल मतदाता शामिल हैं। उनके अनुसार, इनमें 2.48 करोड़ मृत, छह करोड़ डुप्लीकेट, एक करोड़ विस्थापित और तीन करोड़ गैर-ट्रेसेबल मतदाता बताए गए हैं। शर्मा ने फर्जी राशन कार्ड, मनरेगा श्रमिकों और एलपीजी कनेक्शनों से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए मतदाता सूची की जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भाजपा-एनडीए की जीत का हवाला देते हुए ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया में बूथ लेवल एजेंट तथा काउंटिंग एजेंट की भूमिका होती है। शर्मा ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं और वह सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता को भ्रमित कर रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button