बूढ़ी माई मंदिर में प्रज्वलित हुए 2 हजार दीप, अष्टमी पर होगी निशा पूजा

रायगढ़। शारदीय नवरात्र के अवसर पर रायगढ़ शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा-अर्चना का दौर जारी है। नवरात्र को लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। बूढ़ी माई मंदिर में नवरात्र के पहले दिन 2 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ माता की आराधना की जा रही है। तराईमाल स्थित मां बंजारी मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नवरात्र की शुरुआत की गई। वहीं, ठाकुर देव दुर्गा मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बूढ़ी माई मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे ने बताया कि नवरात्र की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना की गई और मंदिर परिसर में 2 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
