Raigarh News

बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, पति से विवाद के बाद मारपीट की आशंका

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला के साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद डायल 112 की टीम महिला के पति को पूछताछ के लिए पुसौर थाने लेकर गई। फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सूपा में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसी दौरान महिला घर में रखे तखत पर गिर गई। उसके कान के पास गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम और चोट लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के दौरान महिला के बेटे ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

इसके बाद महिला के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर के मॉर्च्युरी कक्ष में रखवाया गया। वहीं, डायल 112 की टीम मृतका के पति को पूछताछ के लिए पुसौर थाना लेकर गई। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जानकारी जुटा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button