*राष्ट्रीय जीएसटी लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलना प्रदेश के व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि : रतन शर्मा*
*जीएसटी सुधारों एवं व्यापारियों के हित में सकारात्मक पहल के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति कैट ने जताया आभार*
*राष्ट्रीय जीएसटी लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलना प्रदेश के व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि : रतन शर्मा*
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष श्री रतन शर्मा ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जीएसटी की राष्ट्रीय लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण समिति में छत्तीसगढ़ की भागीदारी प्रदेश के व्यापारियों के हितों को प्रभावी ढंग से सामने रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे व्यापारियों की जीएसटी संबंधी समस्याओं, व्यावहारिक कठिनाइयों एवं अपेक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर रखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी एवं व्यापार-अनुकूल बनाना समय की आवश्यकता है। व्यापारियों को समय पर रिफंड, इनपुट टैक्स क्रेडिट संबंधी समस्याओं के समाधान, जीएसटी पंजीयन प्रक्रिया के सरलीकरण तथा अनावश्यक प्रक्रियागत जटिलताओं से राहत मिलने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए सरल कर व्यवस्था कारोबार को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री रतन शर्मा ने कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कैट सदैव व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा सरकार और व्यापारिक जगत के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार के समन्वय से छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को जीएसटी संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और प्रदेश में व्यापार के लिए अधिक सरल एवं अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
