Raigarh News

आज  अग्रसेनमय होगा रायगढ़, शाम चार बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा

रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को रायगढ़ में भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री अग्रसेन सेवा संघ एवं श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के तत्वावधान में शाम 4 बजे गांधीगंज से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें महाराजा अग्रसेन जी रथ पर सवार होकर नगरवासियों को दर्शन देंगे। आयोजन को लेकर अग्र समाज में उत्साह का माहौल है।

शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए पूरे मार्ग को सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं और महाराजा अग्रसेन जी के ध्वज लगाए गए हैं। मार्ग पर आकर्षक सेल्फी पॉइंट, पुष्पवर्षा और स्वागत की व्यवस्थाएं भी की गई हैं। शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां, बाजे-गाजे, ढोल-धमाल और अन्य प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

आयोजन समिति के अनुसार, महाराजा अग्रसेन जी की शोभायात्रा सामाजिक एकता, भाईचारे और अग्र समाज की गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित करेगी। श्री अग्रसेन सेवा संघ और श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति ने सभी अग्रबंधुओं से सपरिवार शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि जयंती समाज की एकता, समरसता और गौरव का पर्व है तथा सभी की सहभागिता से इसे यादगार बनाया जा सकता है।

शोभायात्रा के बाद रात 8 बजे स्थानीय नटवर स्कूल मैदान में नगरवासियों के लिए विशेष मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन समिति की मीडिया प्रभारी प्रकाश मीडिया ने बताया कि कार्यक्रम में ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ की क्रेजी मेप्स टीम रंगारंग मंचीय प्रस्तुति देगी। इसके साथ ही 20 मिनट का फायर शो भी होगा, जिसमें आतिशबाजी और रोमांचक दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button