फर्जी दस्तावेजों से नौकरी के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई, डीईओ एल.एन. पटेल ने दो कर्मचारियों को किया निलंबित, कठोर प्रशासनिक फैसले से मचा हड़कंप, दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित
सारंगढ़-बिलाईगढ़। नियुक्ति में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. पटेल ने सख्त कदम उठाया है। सहायक शिक्षक श्री कृष्ण कुमार नाग और शासकीय प्राथमिक शाला तेंदुदरहा, विकासखंड बिलाईगढ़ के प्रधान पाठक श्री रामानंद साहू को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है। इस कठोर प्रशासनिक फैसले से नियुक्ति दस्तावेजों में गड़बड़ी के आरोपों से घिरे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
श्री कृष्ण कुमार नाग के मामले में नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर उठे सवालों के साथ जांच में असहयोग और कार्यालयीन निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप है। वहीं, श्री रामानंद साहू की नियुक्ति में प्रयुक्त डी.एड. अंकसूची की प्रामाणिकता को लेकर गंभीर विसंगति सामने आई है।
शिकायतों की गंभीरता और उपलब्ध अभिलेखों को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के स्वतंत्र एवं निर्बाध संचालन के लिए यह कार्रवाई की है। अब विभागीय जांच में दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

